ग्वालपाड़ा से हर्ष राज की रिपोर्ट

ग्वालपाड़ा प्रखंड क्षेत्र के टेमाभेला पंचायत के परसाहा वार्ड नंबर 9 में रविवार सुबह 3:30 बजे भीषण आग लग गई। पछुआ हवा तेज होने से आग तेजी से फैली। देखते ही देखते 10 घर जलकर राख हो गए। आग लगने के समय लोग गहरी नींद में थे। लपटें इतनी तेज थीं कि कोई पास जाने की हिम्मत नहीं कर सका।
ग्रामीणों ने अग्निशमन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही तीन दमकल मौके पर पहुंचे। दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। तब तक 10 परिवार बेघर हो चुके थे।
इस अगलगी में नवीन ठाकुर का दो लाख नकद, जेवर, पलंग, टेबल, अनाज, कपड़ा समेत करीब 10 लाख रुपए का सामान जल गया। वह बेटी की शादी की तैयारी कर रहे थे। उनके बेटे दिलखुश कुमार की मोटरसाइकिल, पलंग, कुर्सी, टेबल और घर का सारा सामान जल गया। करीब 4 लाख रुपए का नुकसान हुआ।
रानी देवी के तीन टीना का घर, पांच बकरी, एक मवेशी, पंपसेट मशीन, ट्रंक, बक्सा और घर का सारा सामान जल गया। संजय ठाकुर का रसोईघर, मवेशी घर और सारा सामान राख हो गया। तिरा देवी का रसोईघर, मवेशी घर और सारा सामान जल गया। रोशन कुमार का एक घर, अनाज और कपड़ा जल गया। फुल कुमारी देवी का मवेशी घर राख हो गया। माला देवी, संजन कुमारी और अनीता का घर, अनाज, कपड़ा, नकदी और जरूरी कागजात जल गए।
घटना की जानकारी मिलते ही राजस्व कर्मचारी अविनाश कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मिलकर नुकसान का आंकलन किया। पंचायत मुखिया विजय कुमार विमल, समिति सदस्य राधेश्याम और सरपंच चलीत्तर ऋषिदेव भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ितों को सरकारी सहायता दिलाने का भरोसा दिया।